मोगा (Naren Danu) : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया कि राज्य की जनता ने वर्ष 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार को दोबारा सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। मोगा के गांव चड़िक में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों ने लोगों का भरोसा जीता है, जबकि विपक्ष राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली, प्रत्येक परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक की 'मुख्यमंत्री सेहत योजना', महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, नहरी सिंचाई का विस्तार, मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां और स्वास्थ्य-शिक्षा के क्षेत्र में सुधार सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 1,090 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं और गांव चड़िक के विकास के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट भी जारी की गई है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के पास जनता के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पंजाब को लूटने का काम किया, जबकि उनकी सरकार सरकारी खजाने का हर पैसा जनता के कल्याण पर खर्च कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नहरी पानी का उपयोग 22 प्रतिशत से बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गया है और किसानों को धान सीजन में दिन के समय निर्बाध बिजली मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा 19 टोल प्लाजा बंद होने से लोगों की प्रतिदिन लाखों रुपये की बचत हो रही है।
मान ने कहा कि उनकी सरकार का एकमात्र उद्देश्य पंजाब की प्रगति और लोगों की खुशहाली सुनिश्चित करना है तथा जनहित के हर वादे को पूरा किया जाएगा।