जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने पहनाया पार्टी पटका, बोले- प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर बढ़ रहा भाजपा का जनाधार; 2027 चुनाव में सरकार बनाने का दावा

मोहाली: पंजाब की राजनीति में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय झटका लगा, जब मोहाली ट्रेड विंग के महासचिव जसबीर सिंह खैहरा और करणवीर सिंह खैहरा अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल किया और उनका स्वागत किया।

बताया गया कि भाजपा के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उब्बा के प्रयासों और प्रेरणा से दोनों नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की जनहितैषी नीतियों और बढ़ती लोकप्रियता के कारण बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जसबीर सिंह खैहरा को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा और उनकी योग्यता, अनुभव तथा जनसेवा को देखते हुए संगठन में उचित जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद जसबीर सिंह खैहरा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की राष्ट्रवादी नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने तथा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगे।

इस मौके पर भाजपा के सर्कल अध्यक्ष जसमिंदर पाल सिंह, महासचिव गुलशन सूद, ओबीसी मोर्चा के सर्कल अध्यक्ष रितेश सैनी, शाम लाल, सियौली चौधरी, प्रो. असीम कुमार चौधरी, विशाल शर्मा, गोपाल कृष्ण शर्मा और धर्मपाल सिंह सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।