लंबे समय से परेशान कारोबारियों को मिली राहत, टूटे चेंबर ढक्कन बदले गए और सीवरेज लाइन की करवाई गई सफाई। अमन प्रताप सिंह की पहल पर नगर परिषद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहीं पालम एन्क्लेव में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नए खंभे लगाए गए। लोगों को उम्मीद है कि विकास कार्यों से मूलभूत सुविधाओं में सुधार आएगा।

जीरकपुर: गोदाम एरिया की फिरनी वाली सड़क पर लंबे समय से बनी सीवरेज जाम और टूटे चेंबर ढक्कनों की समस्या का शनिवार को समाधान किया गया। नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीवरेज लाइन की सफाई करवाई और क्षतिग्रस्त चेंबरों पर नए ढक्कन लगवाए। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के गोदाम मालिकों और अन्य कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, सीवरेज लाइन जाम रहने के कारण सड़क पर गंदा पानी और गंदगी फैल रही थी। वहीं, कई चेंबरों के ढक्कन टूटे होने से रात के समय हादसे का खतरा बना रहता था। उनका कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष शिकायत की गई थी। आम आदमी पार्टी के नेता अमन प्रताप सिंह की पहल के बाद नगर परिषद ने सफाई और मरम्मत का काम करवाया।

दूसरी ओर, वार्ड नंबर-30 के पालम एन्क्लेव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम शुरू किया गया है। क्षेत्र में लो-टेंशन लाइन बिछाने के लिए नए बिजली के खंभे लगाए गए हैं। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि नई लाइन बिछने के बाद कम वोल्टेज और बिजली आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं में कमी आएगी।

अमन प्रताप सिंह ने कहा कि वार्ड में सड़क, सीवरेज, बिजली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा और आने वाले समय में भी विकास कार्य जारी रहेंगे।