जीरकपुर: किशनपुरा और आसपास तेजी से विकसित हो रहे सोसायटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है। स्टेलर होम्स सोसायटी के निवासियों ने वाहन चोरी, चेन स्नैचिंग और संदिग्ध लोगों की आवाजाही की घटनाओं पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में पुलिस बीट स्टेशन या स्थायी पुलिस बीट बॉक्स स्थापित करने की मांग की है।
सोसायटी के निवासियों ने इस संबंध में एसपी गजल प्रीत कौर को मांगपत्र सौंपा। इसमें कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान किशनपुरा के आसपास बड़ी संख्या में नई आवासीय सोसायटियां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित हुए हैं। इसके कारण आबादी और वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार उसी अनुपात में नहीं हो पाया है।
निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान क्षेत्र में वाहन चोरी, चेन स्नैचिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही को लेकर लोगों में असुरक्षा का माहौल बना है। देर रात घर लौटने वाले लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र का निकटतम ढकोली थाना ओल्ड कालका-अंबाला रोड पर करीब तीन किलोमीटर दूर है। आपात स्थिति में पुलिस के मौके पर पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसे में सोसायटी के प्रवेश द्वार या आसपास पुलिस बीट बॉक्स स्थापित होने से शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।
निवासियों ने मांग की कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और स्थायी रूप से पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाए। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी से आपराधिक तत्वों में भय पैदा होगा और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।