डायमंड वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से 8 से 16 अगस्त तक होगा भव्य आयोजन, प्रवेश रहेगा केवल महिलाओं, बेटियों और बच्चों के लिए। मेले में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, गिद्धा, लोकगीतों और महिला कलाकारों की लाइव प्रस्तुतियों से सजेगा मंच। प्रसिद्ध गायिकाएं बढ़ाएंगी रौनक, जबकि सेल्फ हेल्प ग्रुपों के उत्पादों और विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी का भी मिलेगा मौका।

बठिंडा (सोनू टुटेजा) : समाजसेवी प्रिंसिपल विनू गोयल के नेतृत्व एवं डायमंड वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक "मेले पंजाबणां दा – तियाँ बठिंडे दीयाँ, मान बठिंडे दा" का भव्य एवं अनूठा आयोजन किया जा रहा है। यह मेला पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और नारी शक्ति को समर्पित होगा।

इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि प्रवेश केवल महिलाओं, बेटियों और छोटे बच्चों के लिए ही होगा, जिससे वे सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण में मेले का आनंद ले सकें।

प्रिंसिपल विनू गोयल ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक महिलाओं और बेटियों के लिए विभिन्न प्रतिभा, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 10 से 60 वर्ष तक की प्रत्येक बेटी और महिला अपनी रुचि के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेगी।

इसके बाद प्रतिदिन शाम 5 बजे से प्रसिद्ध महिला गायिकाओं की शानदार लाइव प्रस्तुतियां होंगी। पंजाब की मशहूर महिला कलाकार निशा बानो, राखी हुंदल, किरण शर्मा, एस कौर, अमर नूरी, सुल्ताना नूरा सिस्टर्स सहित कई प्रसिद्ध गायिकाएं अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मेले की रौनक बढ़ाएंगी। इस मेले की खास बात यह है कि सांस्कृतिक मंच पर केवल प्रसिद्ध महिला कलाकार ही प्रस्तुति देंगी।

प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम

8 अगस्त: सोलो डांस प्रतियोगिता (सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक)

9 अगस्त: मिस तीज एवं मिसेज तीज प्रतियोगिता

11 अगस्त: स्कूल एवं कॉलेजों की गिद्धा तथा ग्रुप डांस टीमों की प्रतियोगिता

16 अगस्त: लोकगीत, सिठनियां, टप्पे और लंबी हेक वाले गीतों का विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम


कैंप डायरेक्टर एम. के. मन्ना ने बताया कि मेले में खाने-पीने, ज्वेलरी, कपड़ों, सजावटी सामान तथा घरेलू उपयोग की वस्तुओं की आकर्षक स्टॉल लगाई जाएंगी। इसके अलावा डायमंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा बनाए गए सेल्फ हेल्प ग्रुपों के उत्पादों की स्टॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

प्रिंसिपल विनू गोयल ने सभी महिलाओं, बेटियों एवं परिवारों से इस अनूठे मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पंजाबी संस्कृति, लोक विरासत, मनोरंजन और खरीदारी का भरपूर आनंद लेने की अपील की।

प्रवेश शुल्क: केवल ₹50 प्रति व्यक्ति (यह शुल्क केवल मेले में प्रवेश के लिए है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं है।)