जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : पंजाब के जगरांव में हल्के की विधायक सरबजीत कौर मानूके के जन्मदिन पर आयोजित 'तियां' (तीज) का रंगारंग कार्यक्रम भारी विरोध प्रदर्शन के चलते हंगामे की भेंट चढ़ गया। सफाई सेवक यूनियन के तीखे तेवरों और प्रदर्शन के डर से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर का मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित दौरा अचानक रद्द करना पड़ा।
रायकोट रोड स्थित सनमती सेवा मार्ती संघ में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सफाई सेवकों, सीवरमैनों, मालियों, बेलदारों और विभिन्न किसान-मजदूर संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। नगर कौंसिल से रोष मार्च निकालते हुए प्रदर्शनकारी भारी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस ने यूनियन के जिला प्रधान अरुण गिल को रोकने की कोशिश की, लेकिन एकजुट सफाई सेवकों ने उन्हें छुड़ाकर मोर्चा संभाल लिया। बढ़ते आक्रोश को देख पुलिस अधिकारियों को विधायक को मौके पर लाना पड़ा। इस दौरान महिला सफाई सेवकों ने विधायक को मांग पत्र सौंपते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा रोष जताया। उन्होंने कहा कि बरनाला जैसी घटनाओं में सफाई सेवकों पर हुए कथित जुल्मों पर सरकार की चुप्पी और ऐसे जश्न पीड़तों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसे हैं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बरनाला मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और लंबित मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कार्यक्रम में कंवलजीत खन्ना, अमित कल्याण, रमेश सिंह और राज कुमार सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।