पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को जकार्ता से भारत लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी हत्या, फिरौती, नशा तस्करी और हथियारों से जुड़े कई मामलों में वांछित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाएगी।

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बंबीहा गैंग से जुड़े फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से डिपोर्ट करवाकर भारत लाने में कामयाबी हासिल की है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई एजीटीएफ ने ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के तालमेल से पूरी की। करीब छह महीने तक चले इस अभियान को ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ नाम दिया गया था।

चार हत्याओं समेत कई गंभीर मामलों में था वांछित

अमृतसर ग्रामीण के अर्जन मंगा गांव निवासी जोबन बिल्ला को पुलिस ने बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया है। पुलिस के अनुसार वह नशा तस्करी, फिरौती वसूली और गैंग के सदस्यों को ठिकाने व अन्य मदद उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।

जोबन बिल्ला पंजाब में दर्ज चार हत्या के मामलों में पुलिस को वांछित था। इनमें 13 वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला भी शामिल है। इसके अलावा उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज हैं।

विदेश से चला रहा था अपराध नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि जोबन बिल्ला गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई समेत कई देशों में रहकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके खिलाफ 10 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2023 में सठियाला गांव में जरनैल सिंह की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। आरोप है कि वह अपने भाई गुरविंदर सिंह के साथ मिलकर अमृतसर के ग्रामीण इलाकों में कारोबारियों और दुकानदारों से फिरौती मांगता था और रकम नहीं देने पर धमकियां देता था।

पूछताछ में खुल सकते हैं गैंग के कई राज

पंजाब पुलिस अब जोबन बिल्ला से पूछताछ कर उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, हथियार और नशा तस्करी से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से बंबीहा गैंग की गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।