बठिंडा (सोनू टुटेजा) : भारतीय जनता पार्टी जिला बठिंडा शहरी की ओर से जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की गतिविधियों में तेजी लाने और जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने का संदेश दिया गया।
जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण सत्र में कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। नेताओं ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण महाअभियान पार्टी को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाने के साथ जनता के बीच भाजपा के प्रति विश्वास भी बढ़ाएगा।