पंजाब सरकार की विशेष मुहिम के तहत जगरांव ब्लॉक के गांव मधेपुरा में प्रचार वैन के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के जीवन, वाणी और सामाजिक समरसता पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को आत्मसात किया।

जगरांव (​चरणजीत सिंह चन्न) : ​पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें पावन प्रकाश पर्व को समर्पित चलाई जा रही विशेष जागरूकता मुहिम के तहत लुधियाना जिले के ग्रामीण इलाकों में डॉक्यूमेंट्री शो का आयोजन किया गया। ब्लॉक जगरांव के गांव मधेपुरा में प्रचार वैनों के माध्यम से गुरु जी के जीवन, वाणी, दर्शन और मानवता के कल्याण हेतु दिए गए महान संदेश को दर्शाती विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

​इस दौरान ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भारी संख्या में पहुंचकर इस लघु फिल्म को बड़े उत्साह और गंभीरता से देखा। इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी द्वारा मानव समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे, सेवा, सद्भावना और जाति-पाति से ऊपर उठकर एक समतावादी समाज के निर्माण के लिए दिए गए संदेश को बेहद प्रभावशाली तरीके से उजागर किया गया।
​युवा पीढ़ी को मिल रही है प्रेरणा
​दर्शकों को गुरु साहिब के जीवन दर्शन, समाज सुधारक विचारों और मानवता के उत्थान में उनके अमूल्य योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह विशेष अभियान युवा पीढ़ी को गुरु साहिब की महान विचारधारा से जोड़ने और उनके उच्च आदर्शों को जीवन में उतारने के लिए एक सराहनीय कदम साबित हो रहा है।
​ग्रामीणों ने की पंजाब सरकार की पहल की सराहना
​पवित्र बानी और विचारों से ओत-प्रोत इस आयोजन की ग्रामीणों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना था कि श्री गुरु रविदास जी की वाणी आज भी समाज को सच्चाई, समानता, आपसी आदर और मानवीय एकता का सही मार्ग दिखाती है। ग्रामीणों ने पूर्ण विश्वास जताया कि ऐसे सार्थक जागरूकता कार्यक्रमों और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से गुरु साहिब के उच्च आदर्श घर-घर तक पहुंचेंगे, जिससे समाज में आपसी भाईचारा, सद्भावना और सामाजिक एकता को और अधिक मजबूती मिलेगी।