शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रमुख सचिव से आबकारी विभाग का प्रभार वापस लिया गया, जबकि नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज पाण्डेय समेत कई अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग धकाते का भी अतिरिक्त प्रभार हटाया गया।

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 11 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

तबादला आदेश के तहत प्रमुख सचिव ललरिन लियाना फैनई से आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं सचिव नितेश कुमार झा को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग से हटाकर पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सचिव रविनाथ रमन को विद्यालयी शिक्षा विभाग से हटाकर परिवहन विभाग का सचिव और परिवहन आयुक्त बनाया गया है। जबकि डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय को मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा बुजेश कुमार संत को परिवहन विभाग से हटाकर आबकारी विभाग का सचिव बनाया गया है। डॉ. सुरेंद्र नारायण पाण्डेय को वर्तमान दायित्वों के साथ गन्ना विकास एवं चीनी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

शासन ने ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक) विभाग का सचिव नियुक्त किया है। वहीं युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन विभाग और रणवीर सिंह चौहान को वित्त विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं अभिषेक रुहेला को अपर सचिव, राज्य संपत्ति विभाग एवं राज्य संपत्ति अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी सरकारी कामकाज और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।