नई दिल्ली (Naren Danu) : केंद्र सरकार में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रहे रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है, जिसके बाद वह अब केंद्रीय मंत्रिपरिषद का हिस्सा नहीं रहेंगे।
पंजाब की राजनीति से जुड़े रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल जून में समाप्त हो गया था। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला नहीं किया। ऐसे में उनके इस्तीफे को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब बिट्टू को पंजाब में संगठन और चुनावी गतिविधियों में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें राज्य में सक्रिय भूमिका सौंपी जाएगी।