सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के बाद बढ़ते विरोध और राजनीतिक दबाव के बीच पंजाब सरकार ने कार्रवाई करते हुए डीएसपी सतवीर सिंह बैंस को सस्पेंड कर दिया है। हड़ताल के दौरान सफाई कार्य शुरू करवाने को लेकर कर्मचारियों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया था। घटना के वीडियो सामने आने के बाद प्रदेशभर में रोष फैल गया और निष्पक्ष जांच की मांग उठी।

बरनाला (बलविंदर आज़ाद) : बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में पंजाब सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए डीएसपी सतवीर सिंह बैंस को निलंबित कर दिया है। सरकार का यह फैसला घटना को लेकर उठे राज्यव्यापी विवाद और लगातार बढ़ते विरोध के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर थे। इसी दौरान नगर निगम प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में शहर में सफाई कार्य शुरू करवाया, जिसका हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध किया। हालात तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से सामने आने के बाद मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया। विभिन्न कर्मचारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कई नेताओं ने घायल कर्मचारियों से मुलाकात कर सरकार को घेरा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

बढ़ते दबाव के बीच पंजाब सरकार ने डीएसपी सतवीर सिंह बैंस को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकारी कार्रवाई को घटना में जवाबदेही तय करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, घटना की जांच और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सरकार की ओर से अभी तक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। इस मामले पर पूरे प्रदेश के कर्मचारी संगठनों और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।