जीरकपुर: पैसा दोगुना करने का लालच देकर करीब दो करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी के अनुसार, मिलाप नगर निवासी प्रदीप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि नवंबर 2023 से जुलाई 2026 के बीच आरोपियों ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर उससे करीब दो करोड़ रुपये की ठगी की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 'एमी गोज' नाम से एक कंपनी बनाई थी और 'एमी गोज एफएक्स' नाम का एक सॉफ्टवेयर तैयार किया था। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से निवेशकों को उनके निवेश पर डॉलर में लगातार बढ़ती रकम दिखाई जाती थी, जिससे वे अधिक निवेश करने के लिए प्रेरित होते थे। बाद में आरोपियों ने निवेशकों की रकम हड़प ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेराबस्सी के गांव पंडवाला निवासी कुलबीर सिंह और बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका, ठगी की कुल राशि और अन्य पीड़ितों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी या व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और अवास्तविक मुनाफे के दावों से सतर्क रहें।