जीरकपुर: भारतीय जनता पार्टी जिला ओबीसी मोर्चा की ओर से शुक्रवार को जीरकपुर में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ के निर्देश पर जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में खरड़, डेराबस्सी और मोहाली विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में जिले में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने विधानसभा क्षेत्रों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए हरप्रीत सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी हित में एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके और अधिक से अधिक लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर नियमित संपर्क अभियान चलाने के लिए भी प्रेरित किया।
सैनी ने कहा कि ओबीसी समाज देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। खरड़, डेराबस्सी और मोहाली विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर संगठन को नई दिशा दी जाएगी।
बैठक के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुसार संगठन की मजबूती के लिए पूरी मेहनत और निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।