पंचकूला (कपिल नागपाल) : तेज बारिश हो, भीषण गर्मी या घना कोहरा पंचकूला ट्रैफिक पुलिस अब हर मौसम में और अधिक सुरक्षित तरीके से अपनी ड्यूटी निभाएगी। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन की पहल पर ट्रैफिक पुलिस के सभी 170 पुलिसकर्मियों को रेनकोट, छाते और रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित किए गए हैं। साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को ड्यूटी के दौरान रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है।
सेक्टर-4 स्थित ट्रैफिक थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि बारिश, कोहरे और कम दृश्यता वाले मौसम में सड़क पर ड्यूटी देने वाले ट्रैफिक कर्मियों के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट बेहद जरूरी है। इससे न केवल उनकी दृश्यता बढ़ेगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी वर्षभर कठिन मौसम में सड़क पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रेनकोट, छाते और रिफ्लेक्टर जैकेट उपलब्ध कराने का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण देना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के आमजन को बेहतर यातायात सेवाएं प्रदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि “जनता की सुरक्षा के लिए हर मौसम में सड़क पर डटे रहने वाले हमारे ट्रैफिक पुलिसकर्मी विभाग की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनका स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित पुलिसकर्मी ही प्रभावी, संवेदनशील और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित कर सकते हैं।”
पंचकूला पुलिस की इस पहल को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के मनोबल और सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे प्रतिकूल मौसम के दौरान भी यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने में सहायता मिलेगी।