साधारण परिवार से निकलकर नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक श्रीवास्तव को बलटाना में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने सम्मानित किया। समारोह में उनके माता-पिता को भी बेटे की सफलता में योगदान के लिए सम्मान मिला। समाजसेवियों ने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देती है कि मेहनत व अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

चंडीगढ़: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता हासिल करने वाले अभिषेक श्रीवास्तव का शुक्रवार को बलटाना में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों द्वारा सम्मान किया गया। इस दौरान अभिषेक के माता-पिता को भी उनकी मेहनत और बेटे की सफलता में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

अभिषेक एक साधारण परिवार से हैं। उन्होंने अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए लगातार मेहनत और लगन से पढ़ाई की, जिसका परिणाम उनकी नीट परीक्षा में शानदार सफलता के रूप में सामने आया। उनकी उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

समाजसेवी पवन शर्मा ने कहा कि अभिषेक शांत स्वभाव, अनुशासित और मेहनती छात्र हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक की यह सफलता और सम्मान समारोह क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने का संदेश देगा।

सम्मान समारोह में मुख्य समाजसेवी अमित सिंह, अरविंद सिंह, पवन तिवारी, देवी सिंह, सुरेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में बलटाना के लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अभिषेक के पिता कृष्ण श्रीवास्तव, माता, भाई सूरज श्रीवास्तव और उनकी भाभी भी मौजूद रहीं। उपस्थित लोगों ने अभिषेक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके चिकित्सा क्षेत्र में सफल करियर की कामना की।