डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान धर्मवीर राणा के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर कर्मचारियों की रोजगार सुरक्षा, कार्य व्यवस्था और लंबित मांगों को उठाया। अधिकारियों ने सभी मुद्दों की समीक्षा कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। सोसायटी ने कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

चंडीगढ़ (अजीत झा.) : चार वर्षों से अपने अधिकारों और रोजगार सुरक्षा को लेकर संघर्ष कर रहे डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन कर्मचारियों की आवाज आखिरकार नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों तक मजबूती से पहुंची। डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सोसायटी, चंडीगढ़ के प्रधान धर्मवीर राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त अमित कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबित मांगों को विस्तार से रखा। बैठक में अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक के दौरान विशेष आयुक्त हरप्रीत सिंह सूदन के आगमन पर सोसायटी की ओर से उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त बलवीर राव, हिमांशु गुप्ता, इंद्रजीत कौर सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

धर्मवीर राणा ने अधिकारियों को बताया कि कमर्शियल क्षेत्रों में कार्यरत डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन कर्मचारी पिछले चार वर्षों से कई प्रशासनिक और रोजगार संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोसायटी ने लगातार संघर्ष, वार्ताओं और प्रयासों के माध्यम से इन कर्मचारियों का एमओयू (MoU) करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद उन्हें नियमित रूप से वेतन मिलना सुनिश्चित हुआ। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिली।

प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। इनमें कार्य व्यवस्था, रोजगार सुरक्षा और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दे शामिल रहे। अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित मामलों की समीक्षा कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बाद धर्मवीर राणा ने कहा कि यह मुलाकात कर्मचारियों के हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन अपने आश्वासन पर अमल करेगा और वर्षों से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा। उन्होंने नगर आयुक्त सहित सभी अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोसायटी भविष्य में डोर टू डोर गार्बेज कलेक्टर के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए पूरी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।