चंडीगढ़: वार्ड नंबर-24 के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-42 सी मार्केट के दुकानदारों को जल्द ही सीवरेज की वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलने जा रही है। क्षेत्र के पार्षद एवं पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी के प्रयासों से शुक्रवार को नई सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद मार्केट के दुकानदारों को सीवरेज कनेक्शन लेने में आ रही दिक्कतों का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
कार्य का शुभारंभ सनातन धर्म मंदिर के शिव कुमार नागपाल, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अजय अरोड़ा, आरसीडब्ल्यूए के राजकुमार शर्मा, सज्जन बंसल, अमित मित्तल और नीलम वढेरा ने नारियल फोड़कर किया।
इस मौके पर पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि सेक्टर-42 सी मार्केट में पेयजल पाइपलाइन पहले से उपलब्ध थी, लेकिन सीवरेज लाइन नहीं होने के कारण विशेष रूप से रेस्टोरेंट, फूड आउटलेट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीवरेज कनेक्शन लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई पाइपलाइन बिछने के बाद सभी पात्र दुकानदार आसानी से पानी और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे। इससे व्यापार संचालन सुचारु होगा और मार्केट में स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और वार्ड में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
नगर निगम के एसडीओ यशपाल गुप्ता ने बताया कि सीवरेज पाइपलाइन का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में मिट्टी अच्छी तरह बैठ जाने के बाद इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाएगा।
मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अजय अरोड़ा ने इस परियोजना के लिए पार्षद जसबीर सिंह बंटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्केट के दुकानदारों की वर्षों पुरानी मांग थी। नई सीवरेज पाइपलाइन से न केवल सीवरेज कनेक्शन लेने में सुविधा होगी, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पवन कुमार सिंगला, गौरव शर्मा, मुकेश सोनी, तिलक राज सहित बड़ी संख्या में दुकानदार, स्थानीय निवासी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।