इंफाल (Naren Danu) : मणिपुर पुलिस ने उग्रवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन सक्रिय कैडरों और एक कथित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार, जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। सभी आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार, बिष्णुपुर जिले के तेरा उराक चेकपोस्ट पर केवाईकेएल से जुड़े कथित सक्रिय सदस्य मयांगलाम्बम टोम्बा सिंह उर्फ लक्ष्पा (39) को गिरफ्तार किया गया। वह चुराचांदपुर का रहने वाला है और फिलहाल फुबाला राहत शिविर में रह रहा था। जांच में उसका नाम मोइरांग के एक पेट्रोल पंप पर हुए विस्फोट और रंगदारी वसूली के मामलों से भी जुड़ा पाया गया। उसके पास से 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने यूकेएनए के कथित वित्त प्रमुख एस. पलाल कुकी उर्फ लालबोई सिंगसन को मोलनोम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि वह संगठन के लिए धन जुटाने, रंगदारी वसूलने और कई गोलीबारी की घटनाओं में शामिल रहा है।
इसी क्रम में इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र से केसीपी के कथित सक्रिय कैडर गुरुमयुम खुगामनी शर्मा उर्फ नानाओ उर्फ बामोन (37) को भी हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ भी रंगदारी वसूली में संलिप्तता के आरोप सामने आए हैं।
उधर, मादक पदार्थों के खिलाफ अलग से चलाए गए अभियान में थौबल जिले के लिलोंग बाजार निवासी लैला (30) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 389 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।