चंडीगढ़ (अजीत झा) : चंडीगढ़ पुलिस ने मनीमाजरा क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार इंडेन गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल (PB72A1674) बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मनीमाजरा थाना में 22 जुलाई 2026 को बीएनएस की धाराओं 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता मलोया निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-7 स्थित बिंदिश गैस एजेंसी में ड्राइवर है। वह अपने हेल्पर अंकित के साथ मनीमाजरा स्थित एमडब्ल्यूटी क्षेत्र में इंडेन गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर रहा था। दोपहर करीब 1:50 बजे दोनों विनोद ढाबा पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके टेंपो (CH01TA4464) से दो गैस सिलेंडर उठाकर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। पीछा करने के बावजूद दोनों आरोपी हाथ नहीं आए।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से मनीमाजरा क्षेत्र में गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहनों से सिलेंडर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसएचओ मनीमाजरा की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिरों और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने निर्मल सिंह उर्फ काका निवासी गांव सोनाली, ढकोली (मोहाली) और सुरेंद्र निवासी ग्रीन वैली, ढकोली (मोहाली) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो इंडेन गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मोटरसाइकिल भी पंचकूला से चोरी की गई थी और उसी का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जा रहा था।
जांच के दौरान आरोपियों के खुलासे के आधार पर 23 जुलाई को दो और गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोहाली के ढकोली क्षेत्र में भी गैस सिलेंडर चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और चोरी कर नशे की जरूरतें पूरी करते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी निर्मल सिंह उर्फ काका पहले भी चोरी के मामले में पंचकूला के सेक्टर-19 थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वह करीब तीन महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।