चंडीगढ़ (अजीत झा) : किसानों पर आधारित पंजाबी फिल्म ‘मिट्टी पंजाब दी’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता रैबी कंडोला गुरुवार को अपने समर्थकों सहित अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हो गए। सेक्टर-27 स्थित चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर रैबी कंडोला ने कहा कि वह पार्टी की उस विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़े हैं, जो पंजाबी मातृभाषा के संरक्षण, पंजाबियों के अधिकारों की रक्षा, युवाओं की शिक्षा, पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई तथा रोजगार के लिए पारदर्शी और मजबूत कानून बनाने की बात करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम में सांसद सरबजीत सिंह खालसा, सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह, विधायक मनप्रीत सिंह अयाली समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने रैबी कंडोला और उनके समर्थकों को सिरोपा भेंट कर पार्टी में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि रैबी कंडोला के पार्टी में शामिल होने से संगठन को सामाजिक और जनाधार के स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सक्रिय भूमिका से पंजाब और युवाओं से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
रैबी कंडोला ने कहा कि उन्होंने पंजाब, पंजाबी और पंथक विचारधारा की सेवा के उद्देश्य से अकाली दल वारिस पंजाब दे का दामन थामा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और रैबी कंडोला के समर्थक मौजूद रहे। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।