चंडीगढ़ (अजीत झा) : नीट पेपर घोटाले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र पिछले 26 दिनों से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में प्रदर्शनकारी छात्रों पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज की तस्वीरें सामने आने के बाद देशभर के छात्रों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दल भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार विरोध जता रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ ने प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल के नेतृत्व में सेक्टर-25 में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व आप नेता संदीप कुमार ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आप नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है और दोषियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
इस अवसर पर आप नेता सन्नी आउलख, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, ललित कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नीट पेपर घोटाले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।
आप नेता संदीप कुमार ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट पेपर घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।