जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : जगरांव की अहम व्यापारिक मार्केट, कमल चौक से रायकोट रोड तक का हिस्सा इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बना हुआ है। पिछले कई दिनों से सीवर सिस्टम पूरी तरह बंद होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर तालाब का रूप धारण कर चुका है। इस गंदे पानी के कारण पूरे इलाके में भारी बदबू फैली हुई है, जिससे ग्राहकों का मार्केट में आना मुश्किल हो गया है और दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रशासन की अनदेखी से लोग भड़के
स्थानीय दुकानदारों और इलाका निवासियों प्रिंस कटारिया, विक्की, जसकीरत, सतनाम सिंह, राजू, आशु, सूरज, राकेश और जगमोहन ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या के बारे में कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को फोन किए और व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी गुहार लगाई, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से हर बार सिर्फ टालमटोल ही किया गया। अधिकारियों के इस रवैये के कारण लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है।
मांग-पत्र सौंपकर दी चेतावनी:
समस्या की गंभीरता को देखते हुए आज मार्केट के समस्त दुकानदारों और इलाका निवासियों ने एकजुट होकर नगर परिषद के प्रधान को एक लिखित मांग-पत्र सौंपा है। दुकानदारों ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से 24 घंटे का समय दिया है कि इस समय के भीतर-भीतर सीवर की समस्या का समाधान किया जाए।
तीखे संघर्ष की चेतावनी:
दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सीवर की सफाई करवाकर पानी की निकासी नहीं की गई, तो समस्त मार्केट के दुकानदार और इलाका निवासी सड़कों पर उतरकर संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। इस तरह के किसी भी प्रदर्शन या ट्रैफिक जाम की पूरी ज़िम्मेदारी संबंधित प्रशासन और नगर परिषद की होगी।