आबकारी विभाग ने जीरकपुर में नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर के एक कैंटर से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की 140 पेटियां बरामद कर अवैध तस्करी की कोशिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में रॉयल चैलेंज और रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में बोतलों पर लगे क्यूआर कोड से छेड़छाड़ मिलने के बाद जांच और तेज कर दी गई है।

जीरकपुर: चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब को अवैध रूप से पंजाब में खपाने की कोशिश का आबकारी विभाग ने पर्दाफाश किया है। चंडीगढ़-जीरकपुर मार्ग पर की गई नाकाबंदी के दौरान विभाग की टीम ने शराब से भरा एक कैंटर पकड़कर 140 पेटियां बरामद कीं। जांच के दौरान बोतलों पर लगे क्यूआर कोड से छेड़छाड़ किए जाने की बात भी सामने आई है।

डिप्टी कमिश्नर आबकारी पटियाला खुशदिल संधू, सहायक कमिश्नर आबकारी रोपड़ रेंज अशोक चलोत्रा और आबकारी अधिकारी मोहाली दीवान चंद शर्मा के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक गुरप्रीत सिंह ने जीरकपुर पुलिस के साथ होटल वेलवेट क्लार्क्स के निकट नाका लगाया था।

टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर के एक कैंटर में चंडीगढ़ मार्का शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कैंटर नंबर एचआर-38एए-2423 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के भीतर से रॉयल चैलेंज और रॉयल स्टैग ब्रांड की कुल 140 पेटियां मिलीं। शराब पर केवल यूटी चंडीगढ़ में बिक्री किए जाने का उल्लेख था।

बरामद खेप में रॉयल चैलेंज की 40 पेटियां बड़ी बोतल और 40 पेटियां निप की थीं। इसके अलावा रॉयल स्टैग की 20 पेटियां बोतल और 40 पेटियां पिंट बरामद हुईं। रॉयल चैलेंज शराब बनूड़ स्थित चंडीगढ़ डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स लिमिटेड, जबकि रॉयल स्टैग डेराबस्सी क्षेत्र के गांव हरिपुर हिंदुआ स्थित राजस्थान लिकर्स लिमिटेड में बोतलबंद की गई थी।

आबकारी अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में बोतलों के क्यूआर कोड से छेड़छाड़ मिली है, जबकि उन पर होलोग्राम लगाए गए थे। विभाग अब यह जांच कर रहा है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

कैंटर चालक की पहचान अमन पुत्र जहांगीर निवासी विकास नगर, पानीपत के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना जीरकपुर में पंजाब आबकारी अधिनियम की धारा 61(1)(14) और 78(2) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।