नई दिल्ली (Naren Danu) : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर पर कथित उपद्रवियों ने हमला कर दिया। हमले में घायल इंस्पेक्टर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जबकि घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एसपीयूडब्ल्यूएसी (नानकपुरा) में तैनात इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह की ड्यूटी प्रदर्शन स्थल पर लगाई गई थी। वह वाहन खड़ा कर पैदल अपने ड्यूटी प्वाइंट की ओर जा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।
आरोप है कि मारपीट के दौरान इंस्पेक्टर को शरीर के कई हिस्सों में चोटें पहुंचीं। इसके साथ ही उनका दिल्ली पुलिस का आधिकारिक पहचान पत्र (आई-कार्ड) और सोने की चेन भी छीन ली गई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बाहर निकालकर तुरंत राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि सरकारी कर्मचारी पर हमला, लूट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल इंस्पेक्टर का हालचाल भी जाना।