चंडीगढ़ (Naren Danu) : हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष नंद लाल शर्मा का गुरुवार सुबह पंचकूला में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से ब्रेन स्ट्रोक के बाद अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके निधन से ऊर्जा और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई को ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद उन्हें पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
नंद लाल शर्मा ने 2 फरवरी 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष का पद संभाला था। इससे पहले वे केंद्र सरकार के बिजली मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम एसजेवीएन लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में छह वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दे चुके थे। उनके कार्यकाल में कंपनी ने कई महत्वपूर्ण बिजली परियोजनाओं का विस्तार किया।
हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी शर्मा ने 1989 में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) से अपने सरकारी करियर की शुरुआत की। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के सचिव, भूमि अधिग्रहण कलेक्टर, श्रमिक मुआवजा आयुक्त, आयुर्वेद निदेशक और स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव सहित कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
उनके निधन पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नंद लाल शर्मा ने एसजेवीएन के विकास और ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि एचईआरसी के अध्यक्ष के रूप में उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य ने एक दूरदर्शी, कर्मठ और अनुभवी प्रशासक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग को मजबूत बनाने में नंद लाल शर्मा की भूमिका महत्वपूर्ण रही और उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।