गंगटोक/नाम्ची (Naren Danu) : सिक्किम के नाम्ची जिले में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार देर रात चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नौ और श्रमिकों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।
यह दुर्घटना 20 जुलाई को समरदुंग-झोलुंगे स्थित सुरंग में हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुरंग के भीतर अचानक विस्फोट के बाद कथित मिथेन गैस का रिसाव हुआ, जिससे वहां काम कर रहे श्रमिक जहरीली गैस की चपेट में आ गए और सुरंग के भीतर फंस गए।
हादसे के बाद से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा एजेंसियां और विभिन्न विशेषज्ञ बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। सुरंग के भीतर गैस, मलबे और सीमित जगह जैसी कठिन परिस्थितियों के कारण अभियान कई बार प्रभावित हुआ, लेकिन बुधवार सुबह इसे दोबारा तेज गति से शुरू किया गया।
दिनभर की कार्रवाई के दौरान पहले एक शव बरामद होने से मृतकों की संख्या 13 तक पहुंची थी। इसके बाद देर रात तक चले ऑपरेशन में नौ और शव निकाले गए। नाम्ची जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
एनएचपीसी के अनुसार, हादसे के समय सुरंग के भीतर कुल 25 श्रमिक मौजूद थे। प्रशासन का कहना है कि बाकी लापता श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है और बचाव दल पूरी क्षमता के साथ अभियान में जुटे हुए हैं।
बचाव कार्य को और गति देने के लिए बुधवार रात करीब 10 बजे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), आसनसोल की दूसरी विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। नई टीम के शामिल होने के बाद मध्यरात्रि तक लगातार अभियान चलाया गया। प्रशासन का कहना है कि शेष श्रमिकों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।