लुधियाना: RTA लुधियाना और RTA पटियाला द्वारा व्यापारिक वाहनों के भारी-भरकम चालान काटने और कथित तौर पर व्यापारियों को परेशान किए जाने के विरोध में लुधियाना स्टील री-रोलिंग मिल एसोसिएशन और लुधियाना स्टील ब्रोकर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पंजाब के Transport Minister हरपाल सिंह चीमा के नाम विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू (आतम नगर) को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि उद्योग पहले से ही मजदूरों की कमी, बिजली संकट और बाजार में मंदी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में RTA अधिकारियों द्वारा लगातार भारी चालान काटे जा रहे हैं, जिससे उद्योग जगत पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि उद्योग सरकार को बड़ा राजस्व देता है, लेकिन इसके बावजूद व्यापारिक वाहनों को बेवजह रोका जा रहा है और चालान कर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति जारी रही तो उद्योग के साथ-साथ सरकार के राजस्व पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले व्यापारियों में बढ़ता असंतोष सरकार के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को Transport Minister हरपाल सिंह चीमा के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान लुधियाना स्टील री-रोलिंग मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, लुधियाना स्टील ब्रोकर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सोनी, दीपक भाटिया, अतुल गुप्ता, गुरकमल सिंह, कंवलजीत सिंह डंग सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।