राजस्थान के सीकर में इनोवा कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, डेराबस्सी के सचिन मग्गो और राजू की मौके पर मौत; राजेश व अनमोल गंभीर घायल। श्री खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी की धार्मिक यात्रा पर निकले पांच दोस्तों की खुशियां हादसे में बदलीं मातम में, घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

डेराबस्सी: धार्मिक यात्रा पर निकले डेराबस्सी के पांच दोस्तों की खुशियां बुधवार को उस समय मातम में बदल गईं, जब राजस्थान के सीकर जिले में उनकी इनोवा कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में डेराबस्सी के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक सुरक्षित बच गया। हादसे की सूचना मिलते ही डेराबस्सी में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन तुरंत राजस्थान के लिए रवाना हो गए।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सचिन मग्गो उर्फ मिट्ठू पुत्र बलबीर मग्गो और करीब 40 वर्षीय राजू के रूप में हुई है। घायलों में 38 वर्षीय राजेश और 30 वर्षीय अनमोल शर्मा शामिल हैं, जबकि 25 वर्षीय निखिल सुरक्षित बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पांचों दोस्त मंगलवार रात डेराबस्सी से श्री खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह दर्शन करने के बाद वे सालासर बालाजी धाम जा रहे थे। दोपहर बाद रानोली थाना क्षेत्र के गोरिया पुलिया के पास उनकी इनोवा कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 40 फीट तक ट्रॉली के साथ घिसटती चली गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीट पर बैठे सचिन और पीछे बैठे राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश और अनमोल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल अनमोल ने हादसे के बाद अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद डेराबस्सी में मृतकों और घायलों के घरों पर लोगों का तांता लग गया। देर शाम तक परिजन और रिश्तेदार तीन वाहनों में सीकर के लिए रवाना हो चुके थे।

राजस्थान पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।