पीर मुच्छल्ला स्थित सोसाइटी में छह-सात बाइक पर पहुंचे युवकों ने जमकर मचाया उत्पात, रोकने पर सुरक्षा गार्ड के कमरे पर पत्थरों और डंडों से हमला कर तोड़े शीशे; एक घर और कई वाहनों को बनाया निशाना। प्रत्यक्षदर्शियों ने बोतलनुमा बम लाने का भी दावा किया, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस आरोपितों की पहचान में जुटी है।

जीरकपुर: पीर मुच्छल्ला स्थित स्टेलर होम्स सोसाइटी में बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे छह से सात मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे करीब 20 युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोसाइटी के प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने गार्ड रूम पर पत्थरों और डंडों से हमला कर शीशे तोड़ दिए।

इसके बाद हमलावर सोसाइटी के अंदर पहुंचे और एक घर को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर बरसाए। इस दौरान कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए हमले से सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

स्थानीय निवासी प्रिय ने बताया कि वह रोजाना सुबह काम पर जाती हैं और शाम को घर लौटती हैं। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, इसके बावजूद हमलावरों ने उनकी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सोसाइटी में घुसकर बिना कारण आतंक मचाने वाले युवक कौन थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हमलावर डंडों और पत्थरों के साथ बोतलनुमा बम भी लेकर आए थे। कथित धमाके की तेज आवाज से आसपास का क्षेत्र दहल गया। हालांकि, बोतलनुमा बम के इस्तेमाल की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वारदात के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करवाने की मांग की है।

शिकायत नहीं मिली, पहचान के प्रयास जारी : एसएचओ

ढकोली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने कहा, “हमारे पास इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर सोसाइटी में उत्पात मचाने वाले व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन का प्रयास कर रही है।”