पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और जाममुक्त बनाने के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। अब ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, लाल-नीली बत्ती का अवैध इस्तेमाल करने वाले वाहन, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट मोटरसाइकिलें, ट्रिपल राइडिंग, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने ट्रैफिक विंग के पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा, रेहड़ी-फड़ी और अन्य अतिक्रमण यातायात बाधित करते हैं। इसे देखते हुए पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अतिक्रमण हटाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के चालान किए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके वाहन भी जब्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत अब तक 419 ऑटो और ई-रिक्शा का रिकॉर्ड तैयार किया जा चुका है। सत्यापन पूरा होने के बाद प्रत्येक वाहन पर यूनिक विभागीय पहचान स्टिकर लगाया जाएगा, जिससे वाहन और चालक की पहचान आसान होगी और अवैध संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
पुलिस ने पिंजौर और कालका क्षेत्र में बिना निर्धारित स्टैंड के ऑटो खड़े करने पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ब्लैक फिल्म, अवैध लाल-नीली बत्ती, पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर, ट्रिपल राइडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डीसीपी ने कहा कि अब ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात संचालन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। ड्यूटी के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच कर आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
उन्होंने सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वाहन चेकिंग के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीन, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करें। किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्रवाई कानून के दायरे में पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि पंचकूला को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधारहित शहर बनाना है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस के अभियान में सहयोग करने की अपील की।