लालड़ू: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को ई-20 पेट्रोल नीति और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दप्पड़ टोल प्लाजा पर किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक टोल प्लाजा को टोल फ्री रखा गया, जिससे गुजरने वाले वाहनों से कोई टोल शुल्क नहीं लिया गया।
किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि ई-20 पेट्रोल नीति और भारत-अमेरिका ट्रेड डील का असर किसानों, डेयरी क्षेत्र और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। उनका कहना था कि ऐसे फैसले किसानों से चर्चा किए बिना लागू किए जा रहे हैं, जिससे कृषि क्षेत्र प्रभावित हो सकता है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार से इन मुद्दों पर किसानों के साथ बातचीत कर उनकी चिंताओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा प्रदेशभर में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।