खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो में सीजेपी नेताओं के साथ जूम मीटिंग का दावा किया, भारत विरोधी बयान देने का आरोप; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं, जंतर-मंतर प्रदर्शन में निहंगों की मौजूदगी से बढ़ी हलचल

अमृतसर: दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की भी एंट्री हो गई है। उसने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उससे सीजेपी के नेताओं के साथ जूम मीटिंग की है। इसमें आंदोलन को लेकर चर्चा हुई। वीडियो में पन्नू कह रहा है कि आज जूम मीटिंग में सीजेपी और मैंने जो ऐलान किया है, उसे याद रखो। दिल्ली को और मोदी को गिराना है।

मोदी की हुकूमत का तख्ता पलट किया जाएगा। यह पक्का हल नहीं है। इसका पक्का हल भारत का विघटन करना है, भारत को तोड़ना है। आतंकी पन्नू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। हालांकि हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते। इधर, सीजेपी के आंदोलन में निहंग भी शामिल होंगे। ब्लू फोर्स निहंगों की टीम मंगलवार देर शाम 7 बजे जंतर-मंतर पहुंची। उन्हें देखकर प्रदर्शनकारियों में बड़ा उत्साह दिखा।

इस दौरान प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने निहंग को देखकर कहा, हमारे अंदर जो जान आ गई है ना, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। वहीं एक निहंग ने कहा कि आपको जब भी हमारी जरूरत पड़ेगी हम आपके साथ हैं। बहुत बढ़िया है कि आप डटे हुए हो।