मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की, चीफ इंजीनियर समेत निगम अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक; मेयर बोले- शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता

चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को वार्ड नंबर-12 में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वार्ड पार्षद के रूप में उन्होंने क्षेत्र में जारी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा, इंजीनियरिंग विंग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं और प्रस्तावित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

मेयर ने मौके पर स्थानीय निवासियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा विकास कार्यों को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

निरीक्षण के बाद मेयर सौरभ जोशी ने चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्य समीक्षा बैठक भी की। बैठक में वार्डवार चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

मेयर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य चंडीगढ़ में आधुनिक, टिकाऊ और जनहितैषी बुनियादी ढांचा तैयार करना है, जिससे शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी निगरानी के साथ विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।