प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 से मार्च निकालकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध जताया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन और राजनीतिक स्वार्थ के लिए विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव करने के कांग्रेस के प्रयास के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ से मार्च निकाला और सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन की ओर कूच कर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन और राजनीतिक स्वार्थ के लिए विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और केंद्र सरकार के विकास कार्यों से घबराकर अनैतिक और अलोकतांत्रिक तरीके अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार झूठे प्रचार और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उनकी राजनीति को समझ चुकी है।

भाजपा नेताओं ने इस दौरान नीट-यूजी 2026 के परिणाम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों वाले परिवारों के कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत किसी सामाजिक या आर्थिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों की मेहनत और उपलब्धियों को भी राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और चंडीगढ़ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है।

प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से मजबूत हो रहा है और कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करना चाहिए। वहीं, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के संयोजक शक्ति प्रकाश देवशाली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस की कथित भ्रामक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देता रहेगा।

प्रदर्शन में पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, राजेश कालिया, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभय झा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पांचाल, मीडिया प्रभारी रवि रावत सहित पार्टी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और राजनीतिक मुद्दों पर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।