चंडीगढ़ (अजीत झा) : चंडीगढ़ पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए तीन सब-इंस्पेक्टरों को इंस्पेक्टर (एग्जीक्यूटिव) के पद पर पदोन्नत किया गया है। यूटी के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. सागर प्रीत हुड्डा द्वारा जारी पदोन्नति आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में एसआई मोहित सिंह, एसआई प्रमोद कुमार और एसआई कुलदीप सिंह शामिल हैं। आदेश के अनुसार तीनों अधिकारी फिलहाल अपनी वर्तमान तैनाती पर ही कार्य करते रहेंगे। पदोन्नति के साथ उन्हें इंस्पेक्टर का रैंक और उससे संबंधित सेवा लाभ प्राप्त होंगे।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय तथा चंडीगढ़ प्रशासन की पदोन्नति में आरक्षण नीति से जुड़े फैसलों के अधीन रहेगी। यदि भविष्य में न्यायिक या प्रशासनिक आदेशों के अनुसार आवश्यकता हुई तो संबंधित अधिकारियों को बिना पूर्व सूचना उनके मूल पद पर वापस भी भेजा जा सकता है।
इसके अलावा पुलिस विभाग में विजिलेंस सेल की रिक्तियों के विरुद्ध भी दो अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। हालांकि उनकी वर्तमान तैनाती में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें पदोन्नति के अनुरूप वेतनमान और अन्य सेवा लाभ मिलेंगे।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यह पदोन्नति अधिकारियों की लंबी सेवा, अनुभव और कार्यकुशलता का सम्मान है। इससे पुलिस बल में नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता को और मजबूती मिलेगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य पदोन्नतियों और तबादलों पर भी निर्णय लिया जा सकता है।