चंडीगढ़: गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने अपने बेड़े में पहली इलेक्ट्रिक बस शामिल कर सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा दी है। 25 सीटों वाली पूरी तरह वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस को नियमित संचालन से पहले तीन दिन तक अलग-अलग रूटों पर ट्रायल के लिए उतारा गया है।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने बताया कि यह 100 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना का पहला चरण है। शुरुआत में 25 ई-बसें शामिल की जाएंगी, जबकि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें बेड़े का हिस्सा बनेंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही नया 'Loop Card' भी लॉन्च किया जाएगा। 100 रुपये के शुरुआती भुगतान पर मिलने वाले इस प्रीपेड स्मार्ट कार्ड से हर यात्रा पर 2 प्रतिशत किराये की छूट मिलेगी और इसे ऑनलाइन भी रिचार्ज किया जा सकेगा। पुराने स्मार्ट कार्ड की शेष राशि भी नए कार्ड में ट्रांसफर करने की सुविधा रहेगी।
इसके साथ ही गुरुग्राम की सभी GMCBL बसों में किसी भी UPI प्लेटफॉर्म से किराया भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। बसों में स्मार्ट POS मशीनें लगाई गई हैं, जिनसे यात्री मोबाइल ऐप के जरिए तुरंत कैशलेस भुगतान कर सकेंगे।
सीईओ पी.सी. मीणा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें, स्मार्ट टिकटिंग और डिजिटल भुगतान जैसी पहलें गुरुग्राम में आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और यात्री-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेंगी।