कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : कुरुक्षेत्र राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के अवसर पर थानेसर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राम मेहर शर्मा आचार्य ने कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों को देसी घी की मिठाई खिलाकर बधाई दी और सभी को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गौरव को बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राम मेहर शर्मा आचार्य ने कहा कि 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा ने तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया था। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, बलिदान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों का पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के उद्घोष लगाए तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा कर राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस की शुभकामनाएं दीं।