चंडीगढ़: पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में बुधवार को 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग लीडरशिप एवं मैनेजमेंट कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कम्युनिटी मेडिसिन एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा इंटरनेशनल पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन योजना का सहयोग प्राप्त है।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में 19 देशों के 48 वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी भाग ले रहे हैं। इनमें बांग्लादेश, भूटान, कंबोडिया, इथियोपिया, इस्वातिनी, घाना, इंडोनेशिया, केन्या, लाइबेरिया, मलावी, मालदीव, नेपाल, ओमान, फिलिस्तीन, पैराग्वे, सिएरा लियोन, श्रीलंका, तंजानिया और जिम्बाब्वे के प्रतिनिधि शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के निदेशक प्रो. सोनू गोयल, IPHMDP एवं प्रोफेसर, कम्युनिटी मेडिसिन एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में नर्सिंग नेतृत्व की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों का प्रभावी समाधान नेतृत्व क्षमता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस प्रशिक्षण को अनुभव साझा करने, पेशेवर नेटवर्क विकसित करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कृतिका उपाध्याय ने कहा कि यह पहल क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के अनुरूप भारत अपने सफल और प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य मॉडल विकासशील देशों के साथ साझा कर रहा है, ताकि विभिन्न देशों की स्वास्थ्य प्रणालियों को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को इंटरैक्टिव व्याख्यान, केस स्टडी, समूह चर्चा, सिमुलेशन अभ्यास और फील्ड विजिट के माध्यम से नेतृत्व एवं स्वास्थ्य प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिनिधियों को PGIMER की ग्रीन हॉस्पिटल पहल, टेलीमेडिसिन एवं टेली-एविडेंस सेंटर, रीजनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन , सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज डिपार्टमेंट तथा आर्ट /डॉट सेंटर सहित विभिन्न उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं का भी दौरा कराया जाएगा।
इसके अलावा प्रतिभागियों को आयुष्मान भारत योजना, भारत की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के मॉडल तथा नर्सिंग शिक्षा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन में नवाचारों से भी अवगत कराया जाएगा। इसी क्रम में फोर्टिस अस्पताल और चितकारा विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण भी प्रस्तावित है।
पीजीआई के अनुसार, इंटरनेशनल पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम देश का ऐसा पहला और एकमात्र अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे किसी मेडिकल संस्थान द्वारा आइटक साझेदार देशों के स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए संचालित किया जाता है। अब तक इस कार्यक्रम के माध्यम से 97 देशों के 1,750 से अधिक स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह कार्यक्रम वैश्विक स्वास्थ्य कूटनीति, दक्षिण-दक्षिण सहयोग और स्वास्थ्य प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भारत की महत्वपूर्ण पहल माना जाता है।