सेक्टर-7 स्थित प्रीमियर एजेंसीज में श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, निफा चंडीगढ़ और रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित दसवें रक्तदान जागरूकता शिविर में कर्मचारियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, रक्तदाताओं को सम्मानित कर नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

चंडीगढ़: अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से सेक्टर-7 स्थित प्रीमियर एजेंसीज में बुधवार को रक्तदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विमल खोसला के जन्मदिवस के अवसर पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला, निफा चंडीगढ़ और रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के सहयोग से आयोजित किया गया। यह संस्था का दसवां रक्तदान जागरूकता शिविर था।

शिविर का शुभारंभ मैनेजिंग डायरेक्टर निर्मल खोसला, विमल खोसला और बबी खोसला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान एक मानवीय, नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करनी चाहिए।

रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के अध्यक्ष डॉ. जे.एस. मिन्हास ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के डायरेक्टर रमेश नारंग और अध्यक्ष राकेश कुमार संगर ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश अस्पतालों में रक्त की कमी बनी हुई है। ऐसे में रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।

शिविर में कुल 44 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं में प्रीमियर एजेंसीज के अर्जुन खोसला और कंपनी के कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के सफल आयोजन में सेंचुरियन ब्लड डोनर रणदीप बत्ता का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में दीपक शर्मा, विनीत जगोता, गुलशन कुमार, शिवांजली, राजेंद्र कौशल सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र, स्मृति-चिह्न और बैज देकर सम्मानित किया गया।