लुधियाना: बुधवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय एक युवक का पैर फिसल गया। जिस कारण वे नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के दोनों पैर कट गए। जख्मी युवक को गंभीर हालत में लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित की पहचान सुनाम निवासी सुखविंदर सिंह (35) के रूप में हुई है।
थाना जीआरपी पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिवार को दे दी है। जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह वेल्डिंग का काम करता है और नूरमहल में माथा टेकने जा रहा था। वह ट्रेन में सवार था और उसे लुधियाना रेलवे स्टेशन पर उतरना था। जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो उसकी रफ्तार धीमी थी। इसी दौरान सुखविंदर ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह हादसे का शिकार हो गया।
पैर फिसलने के बाद वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर जा गिरा। इसी बीच ट्रेन के पहियों की चपेट में आने से उसके दोनों पैर गंभीर रूप से कट गए।