फाजिल्का (Naren Danu) : नगर परिषद अध्यक्ष और अबोहर नगर निगम मेयर की कुर्सी के लिए होने वाले चुनाव ने मंगलवार को जिले की राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया। मतदान से पहले ही नेताओं की सक्रियता बढ़ गई और चुनाव स्थलों पर प्रशासन ने सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार कर दिया कि पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल गया।
डीसी कार्यालय और नगर परिषद परिसर के बाहर सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेड लगाकर प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित किया गया और हर आने-जाने वाले की जांच की गई। प्रशासन की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव ड्यूटी के कारण शहर के दो सेवा केंद्र और एक फर्द केंद्र तक बंद रखने पड़े।
चुनावी माहौल के बीच भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी। पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अबोहर विधायक संदीप जाखड़ भाजपा पार्षदों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचे। पार्षदों की अंदर बैठक के बाद राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। वहीं, अन्य दलों के पार्षद भी धीरे-धीरे चुनाव स्थल पर पहुंचने लगे।
हाईकोर्ट की निगरानी में हो रही इस चुनाव प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप गोयल को ऑब्जर्वर बनाया गया है। अबोहर नगर निगम मेयर का चुनाव दोपहर 3 बजे डीसी कार्यालय में होगा, जबकि फाजिल्का नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव दोपहर 2:15 बजे नगर परिषद कार्यालय में कराया जाएगा।
सीसीटीवी और पुलिस निगरानी में पूरा चुनाव
डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने सुबह दोनों चुनाव स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने राजनीतिक दलों और पार्षदों से अपील की है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने में सहयोग करें।