किश्तवाड़ (Naren Danu) : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ जिले के चत्रू इलाके में विदेशी आतंकवादियों को सहायता पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी आतंकवादियों की मदद से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान की गई है।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नरेश सिंह ने बताया कि लगातार जांच और विशेष अभियान के बाद पुलिस ने मोहम्मद रफीक नाइक निवासी डवाथर, सिंहपुर को गिरफ्तार किया है। उस पर विदेशी आतंकवादी समूह को सहयोग देने का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित चत्रू क्षेत्र में सैफुल्ला ग्रुप के प्रमुख संपर्क सूत्र के रूप में काम कर रहा था और इलाके में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों तक सहायता पहुंचाने में कथित रूप से शामिल था। अधिकारियों के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
पुलिस अब आरोपित के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और विदेशी आतंकी समूहों से उसके कथित संबंधों की जांच कर रही है। इससे पहले भी पुलिस ने चत्रू निवासी मुनीर अहमद और मशकूर अहमद को आतंकियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
एसएसपी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस आतंकवाद को बढ़ावा देने या आतंकियों को किसी भी तरह की सहायता उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध या देश विरोधी गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।