बारामूला के उरी सेक्टर में गवालता के पास सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एके-47, एमपी5 गन, पिस्तौल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।

उरी (Naren Danu) : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गवालता क्षेत्र में तैनात सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स को तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध सामग्री मिली। इसके बाद सेना ने उरी पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर बरामद सामान जब्त कर लिया।

तलाशी के दौरान एक एके-47 राइफल, दो एमपी-5 सब-मशीन गन, चार पिस्तौल, एक एके-47 मैगजीन, चार एमपी-5 मैगजीन और 12 पिस्तौल मैगजीन बरामद की गईं।

इसके अलावा सुरक्षाबलों ने 839 एके-47 के जिंदा कारतूस, 255 एमपी-5 राउंड और 50 पिस्तौल कारतूस भी बरामद किए। मौके से एक वायर कटर भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में उरी थाने में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों का यह जखीरा किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।