नई दिल्ली (Naren Danu) : पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी देकर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई, ताकि उनका आगे का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी रखा जा सके।
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि शाम 6:40 बजे वांगचुक को मेदांता की मेडिकल टीम को विधिवत सौंप दिया गया। अस्पताल के अनुसार डिस्चार्ज के समय उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य मानक नियंत्रण में थे।
हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि वांगचुक अभी पैनसाइटोपेनिया से जूझ रहे हैं। इस बीमारी में शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं, श्वेत रक्त कोशिकाएं और प्लेटलेट्स तीनों का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। इसके अलावा उनका सीरम पोटेशियम स्तर 3.4 एमईक्यू/एल दर्ज किया गया है, जिस पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इलाज की निरंतरता बनाए रखने के लिए मरीज की सभी जांच रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और उपचार संबंधी दस्तावेज मेदांता अस्पताल की टीम को सौंप दिए गए हैं। अब उनकी आगे की चिकित्सा और स्वास्थ्य निगरानी गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में की जाएगी।