आरक्षित सीट नहीं मिलने पर यात्रियों की सहमति से उसी रूट की दूसरी ट्रेन या अन्य तारीख में किया जाएगा समायोजन; आईआरसीटीसी से ऑनलाइन बुक टिकटों पर मिलेगी सुविधा, खाली सीटों के बेहतर उपयोग से यात्रियों को मिलेगा लाभ।

जालंधर (Naren Danu) : ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के चलते यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रेलवे ने नई सुविधा शुरू की है। अब यदि किसी यात्री की मूल ट्रेन में आरक्षित सीट उपलब्ध नहीं हो पाती है तो उसे उसी रूट की दूसरी उपयुक्त ट्रेन में यात्रा का मौका मिल सकता है।

रेलवे की इस पहल के तहत यात्रियों को उनकी सहमति से दूसरी ट्रेन या उसी ट्रेन की किसी अन्य तारीख में बिना अतिरिक्त शुल्क के समायोजित किया जा रहा है। यह सुविधा केवल आईआरसीटीसी के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए गए आरक्षित टिकटों पर उपलब्ध होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत देना और ट्रेनों में उपलब्ध खाली सीटों का बेहतर इस्तेमाल करना है। इससे जहां यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी, वहीं रेलवे की सीट क्षमता का भी अधिकतम उपयोग हो सकेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि ऑनलाइन टिकट बुक करते समय विकल्प (ऑप्शन) सुविधा का चयन जरूर करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरी ट्रेन में सीट उपलब्ध कराई जा सके।

रेलवे का मानना है कि यह व्यवस्था यात्रियों की यात्रा को आसान बनाने के साथ-साथ वेटिंग टिकट की समस्या को कम करने में मददगार साबित होगी।