पंचकूला: पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल पंचकूला ने कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से अवैध शराब लाकर पंचकूला पहुंच रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 112 बोतल अवैध देशी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति सियाज कार बरामद की है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति अपनी मारुति सियाज कार में चंडीगढ़ से अवैध शराब की खेप लेकर पंचकूला आ रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शालीमार मॉल के समीप तत्काल नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद बताए गए नंबर की कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट और डिग्गी से 112 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी की पहचान नरेश कुमार (60 वर्ष), निवासी सेक्टर-9, पंचकूला के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना सेक्टर-5 पंचकूला में हरियाणा आबकारी (संशोधन) अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।