चंडीगढ़: जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सेक्टर-17 प्लाजा में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं और अभिभावकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही तय करने में विफल रही है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे छात्रों के साथ कथित तौर पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया गया, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य दांव पर लग रहा है और वर्षों की मेहनत प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें तथा पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी छात्रों के हितों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और जब तक पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू नहीं की जाती, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और उसका दमन उचित नहीं है।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान हुसैन सुल्तानिया, सचिन गालव, जतिन सिंह राहुल, तरुण मेहता, प्रेमलता, बी.एम. खन्ना, राजदीप सिद्धू, धर्मवीर, विक्रम चोपड़ा, बिंदु ठाकुर, विक्टर सिद्धू, मंजूर खान, यंकी कालिया, डॉ. केशवप्रीत, मनीष लांबा सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।