बैठक में सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चयन, संतोष सिंह ढकोली को उपप्रधान और सतविंदर सिंह नाभा को महासचिव की जिम्मेदारी; प्रधान ने कहा- नंबरदारों की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाकर समाधान करवाना रहेगा प्राथमिक लक्ष्य।

जीरकपुर: नंबरदार यूनियन की अहम बैठक मंगलवार को प्रधान जतिंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान यूनियन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। सभी सदस्यों ने एकमत होकर जतिंदर सिंह ढकोली को दोबारा यूनियन का प्रधान चुन लिया।

नई कार्यकारिणी में संतोष सिंह ढकोली को उपप्रधान, सतविंदर सिंह नाभा को महासचिव, जोगिंदर सिंह और सूबा सिंह भबात को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा गुरदेव सिंह को मुख्य सलाहकार, मुलदीप सिंह पंडवाला को प्रेस सचिव, सतपाल सिंह को प्रचार सचिव, नरेश सिंह को सलाहकार, हुकम सिंह को सहायक प्रेस सचिव तथा दिलबाग सिंह को सचिव नियुक्त किया गया।

दोबारा प्रधान चुने जाने पर जतिंदर सिंह ढकोली ने यूनियन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नंबरदार भाईचारे की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनका जल्द समाधान करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यूनियन नंबरदारों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए एकजुट होकर काम करती रहेगी। संगठन के प्रत्येक सदस्य की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी।

बैठक में यूनियन को और मजबूत बनाने, नंबरदारों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मौजूद सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन की गतिविधियों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।