हंडेसरा सर्कल के हमायूंपुर, तसिंबली, बसौली और कसौली पहुंचे विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं; गलियों-नालियों समेत बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा, बोले- गांवों के सर्वांगीण विकास को सरकार दे रही प्राथमिकता।

डेराबस्सी: डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने मंगलवार को हंडेसरा सर्कल के गांव हमायूंपुर, तसिंबली, बसौली और कसौली का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने हमायूंपुर में 20 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई गलियों और नालियों के विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में गलियों, नालियों, पेयजल, बिजली और अन्य सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जा रहा है।

दौरे के दौरान हमायूंपुर, बसौली और कसौली गांवों के कुल 440 परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक भी सौंपे गए। इनमें हमायूंपुर और बसौली के 120-120 परिवारों तथा कसौली के 200 परिवारों को लाभ मिला। मालिकाना हक मिलने पर लाभार्थी परिवारों ने पंजाब सरकार और विधायक का आभार जताया।

चारों गांवों में आयोजित जनसभाओं के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, निकासी, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के सामने रखा। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी जायज मांगों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा।

रंधावा ने कहा कि लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जानना और उनका समाधान करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में चल रहे विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाएगा।

इस अवसर पर हमायूंपुर के सरपंच दलबीर सिंह, तसिंबली की सरपंच हरजिंदर कौर, दलबारा सिंह, बसौली के सरपंच हरबंस सिंह, कसौली की सरपंच अमरजीत कौर, करनैल सिंह, ब्लॉक प्रधान बलबीर सिंह, चेयरमैन धर्म सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।